मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण केंद्रों से ही मुक्केबाजी प्रशिक्षण लेने की अपील

हरिद्वार। जिला हरिद्वार मुक्केबाजी संघ की आम बैठक राधे राधे बॉक्सिंग अकादमी में जिला मुक्केबाजी संघ के संरक्षक जेपी सैनी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विगत वर्ष वर्तमान वर्ष 20 26 का वित्तीय लेखा-जोखा सभी सदस्यों के सामने प्रस्तुत किया गया, जिसमें कुछ अनियमितताएं पाई गई, जिसमें सभी सदस्यों और पदाधिकारी ने रोष प्रकट किया और वित्त संबंधित सभी अनियमितताओं को दुरुस्त करने हेतु सहमति बनी ।
बैठक में जिले के खिलाड़ियों एवं अभिभावकों को मान्यता प्राप्त मुक्केबाजी प्रशिक्षण केंद्रों के संबंध में जागरूक किया गया।

संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे प्रशिक्षण के लिए अधिकृत एवं मान्यता प्राप्त केंद्रों का ही चयन करें तथा बिना मान्यता के संचालित व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्रों से सावधान रहें।

बैठक में विशेष रूप से खिलाड़ियों एवं अभिभावकों को ऐसे YouTube चैनल संचालकों, जिम संचालकों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन मुक्केबाजी प्रशिक्षण देने वाले व्यक्तियों से भी सावधान रहने की सलाह दी गई, जो स्वयं को बॉक्सिंग प्रशिक्षक के रूप में प्रस्तुत करते हैं। संघ की ओर से बताया गया कि केवल ऑनलाइन वीडियो बनाने या जिम संचालित करने के आधार पर कोई व्यक्ति आधिकारिक मुक्केबाजी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को प्रशिक्षित अथवा प्रतिभाग कराने के लिए स्वतः अधिकृत नहीं हो जाता। खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में उतारने से पहले संबंधित प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षण केंद्र की मान्यता और पात्रता की जानकारी प्राप्त करने की अपील की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 25 अक्टूबर 2026 को हरिद्वार जिला स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग एवं भार वर्ग के खिलाड़ियों को प्रतिभाग करने का अवसर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रतियोगी मंच उपलब्ध कराना तथा उन्हें मुक्केबाजी की तकनीक, शैली और खेल भावना को बेहतर ढंग से समझने एवं प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करना है।

बैठक में जिला मुक्केबाजी संघ के उपाध्यक्ष सचिन त्यागी, सचिव नवीन चौहान, कोषाध्यक्ष सुधीर जोशी, सदस्य शिखा चौहान, सहसचिव राकेश चौधरी, संरक्षक जेपी सैनी तथा सदस्य संगीत जोशी, आदित्य शर्मा, आदित्य सैनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।