तिरंगा रैली के जरिए भरा देशभक्ति का जोश

लंढौरा (हरिद्वार)।
80 वे स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर चमन लाल महाविद्यालय, लंढौरा में तिरंगा रैली निकालकर लोगों में देशभक्ति का जज्बा पैदा किया। इस अवसर पर देशभक्ति और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से छात्र-छात्राओं ने लोगों को प्रेरित किया। छात्र छात्राओं ने नगर में तिरंगे झंडे भी वितरित किए। तिरंगा रैली का शुभारंभ महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव अरुण हरित ने हरी झंडी दिखाकर किया । रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर लंढौरा कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरती हुई पुनः महाविद्यालय परिसर में समाप्त हुई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने वंदे मातरम और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सूर्यकांत शर्मा ने स्वच्छता के प्रति शपथ दिलाई। उन्होंने सूखा और गीला कूड़ा अलग करने, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने सभी से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया, कार्यक्रम में उपस्थित महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने कहा कि आजादी के मूल्यों को हमेशा ध्यान रखें और उनका पालन करें। यह आयोजन न केवल आजादी के जश्न को बल्कि स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाने में सफल होगा । छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों को याद करने और उनसे प्रेरणा लेने की बात कही। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजन , एन सी सी एवं रोवर रेंजर्स के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया l इस अवसर पर महाविद्यालय की ओर से सभी छात्र-छात्राओं को तिरंगा झंडा वितरित किया गया। इसके बाद छात्र छात्राओं की ओर से नगर में भी झंडे वितरित किए गए l इस अवसर पर विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कपिल एवं समस्त शिक्षक और गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।