86 लाख की लागत से संवरेगा रामनगर का केशव पार्क, बच्चों के लिए झूले तो युवाओं के लिए बनेगा रबर कोटेड वॉकिंग ट्रैक

रामनगर। शहर के रामनगर क्षेत्र स्थित केशव पार्क की अब तस्वीर बदलने जा रही है। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत चयनित केशव पार्क को करीब 86 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर रजत जयंती पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है।
पार्क के विकसित होने के बाद स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। परियोजना के तहत पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए नए और आकर्षक झूले लगाए जाएंगे, वहीं युवाओं और आम लोगों के लिए रबर कोटेड वॉकिंग ट्रैक बनाया जाएगा, जिससे लोग सुबह-शाम स्वास्थ्य लाभ के लिए आसानी से टहल सकेंगे।
पार्क में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, आकर्षक पानी के फव्वारे सहित कई अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। पार्क के निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि लंबे समय तक स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिल सके।
वहीं सहायक नगर आयुक्त अमरजीत कौर ने बताया कि पार्क को बेहतर और आधुनिक स्वरूप देने के लिए निर्माण कार्य शुरू कर दिए गए हैं। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
केशव पार्क के आधुनिक रूप में विकसित होने से रामनगर क्षेत्र के बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों को एक बेहतर मनोरंजन एवं स्वास्थ्यवर्धक स्थान मिलने की उम्मीद है।