आकांक्षा नेगी के बयान पर पंजाबी समाज में आक्रोश, करमजीत सिंह खोखर बोले—माफी नहीं मांगी तो रुड़की से देहरादून पहुंचेंगे समाज के लोग
रुड़की। आकांक्षा नेगी द्वारा पंजाबी समाज को लेकर दिए गए कथित बयान को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। बयान पर नाराजगी जताते हुए उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पूर्व जिला अध्यक्ष रुड़की करमजीत सिंह खोखर ने कहा कि आकांक्षा नेगी द्वारा दिया गया बयान बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को किसी समाज या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।
करमजीत सिंह खोखर ने कहा कि पंजाबी समाज के वरिष्ठ नेता कुंवर जपेंद्र सिंह द्वारा देहरादून में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आकांक्षा नेगी को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था। उन्होंने कहा था कि यदि आकांक्षा नेगी अपने बयान को लेकर पंजाबी समाज से माफी मांग लेती हैं तो मामला समाप्त किया जा सकता है, लेकिन यदि वह माफी नहीं मांगती हैं तो पंजाबी समुदाय के लोग सरकार के खिलाफ भी आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे और आमरण अनशन पर बैठेंगे।
पूर्व जिला अध्यक्ष करमजीत सिंह खोखर ने कुंवर जपेंद्र सिंह के इस रुख का समर्थन करते हुए कहा कि पंजाबी समाज अपने सम्मान के मुद्दे पर एकजुट है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर आकांक्षा नेगी द्वारा माफी नहीं मांगी जाती है, तो रुड़की से भी पंजाबी समाज के लोग देहरादून पहुंचेंगे और कुंवर जपेंद्र सिंह के साथ आमरण अनशन में शामिल होकर अपना समर्थन देंगे।
उन्होंने कहा कि समाज किसी भी प्रकार की अपमानजनक टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी मांग किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि समाज के सम्मान और भावनाओं की रक्षा के लिए है।
करमजीत सिंह खोखर ने पंजाबी समाज के लोगों से भी अपील की कि वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखें तथा समाज की एकता बनाए रखें।
अब देखने वाली बात होगी कि 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद आकांक्षा नेगी की ओर से इस मामले में क्या प्रतिक्रिया सामने आती है और क्या वह पंजाबी समाज से माफी मांगती हैं।