(अश्वनी उपाध्याय )भगवानपुर में बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर जागरूकता शिविर आयोजित, 15 सितंबर को 120 छात्राओं को लगेगी HPV वैक्सीन
(भगवानपुर)

भारत विकास परिषद की मां चूड़ामणि शाखा भगवानपुर की ओर से मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को बी.डी. इंटर कॉलेज भगवानपुर में बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण और बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर की महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघा ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए बताया कि सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के मुख की कोशिकाओं में होने वाला कैंसर है और इसका प्रमुख कारण एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण है। उन्होंने बालिकाओं को इससे बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, संतुलित आहार लेने, धूम्रपान से बचने और एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक किया।
डॉ. मेघा ने बताया कि माहवारी के दौरान असामान्य रक्तस्राव, योनि में दर्द अथवा सफेद एवं दुर्गंधयुक्त स्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण होने पर समय रहते महिला रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेना जरूरी है।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर के बाल रोग चिकित्सक डॉ. अभिलाष धारीवाल ने बताया कि भारत तथा उत्तराखंड सरकार की ओर से 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए विभाग तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं भारत विकास परिषद के प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने बताया कि बी.डी. इंटर कॉलेज में 14 से 15 वर्ष की लगभग 120 छात्राएं हैं, जिन्हें एचपीवी वैक्सीन लगाई जानी है। उन्होंने बताया कि छात्राओं के अभिभावकों की सहमति के बाद 15 सितंबर 2026 को विद्यालय में वैक्सीनेशन कराया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती कल्पना सैनी ने किया। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर उपेंद्र बगवाड़ी एवं राखी रानी, महिला संयोजिका श्रीमती निधि, श्रीमती ललिता, श्रीमती पारुल देवी, श्रीमती अनुदीप, श्रीमती रितु वर्मा, श्रीमती संगीता गुप्ता, श्रीमती अर्चना पाल, कु. तनु, कु. सारीन, संजय पाल, निखिल अग्रवाल, विजय त्यागी सहित भारत विकास परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
शिविर के माध्यम से बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समय पर जांच, उचित चिकित्सकीय परामर्श और एचपीवी टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई।
