(अश्वनी उपाध्याय) बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दी जानकारी, 15 सितंबर को 120 छात्राओं को लगेगी एचपीवी वैक्सीन


भगवानपुर, हरिद्वार। भारत विकास परिषद की मां चूड़ामणि शाखा भगवानपुर की ओर से मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को बी.डी. इंटर कॉलेज भगवानपुर में बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बालिकाओं को संबोधित करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर की महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघा ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के मुख की कोशिकाओं में होने वाला कैंसर है। इसका प्रमुख कारण एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) संक्रमण है। उन्होंने कहा कि इस बीमारी से बचाव के लिए धूम्रपान से दूर रहना, व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना, संतुलित आहार लेना तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार एचपीवी वैक्सीन लगवाना महत्वपूर्ण है।
डॉ. मेघा ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के संभावित लक्षणों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि असामान्य रक्तस्राव, योनि में दर्द अथवा असामान्य एवं दुर्गंधयुक्त स्राव जैसी समस्या होने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तत्काल महिला रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेकर उचित जांच एवं उपचार कराना चाहिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर के बाल रोग चिकित्सक डॉ. अभिलाष धारीवाल ने बताया कि भारत सरकार एवं उत्तराखंड सरकार की ओर से 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए विभाग तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से निःशुल्क एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से भी बालिकाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और टीकाकरण कार्यक्रम में सहयोग करने की अपील की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं भारत विकास परिषद के प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने बताया कि विद्यालय में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 120 छात्राएं हैं, जिन्हें एचपीवी वैक्सीन लगाई जानी है। उन्होंने बताया कि छात्राओं के अभिभावकों की सहमति प्राप्त करने के बाद 15 सितंबर 2026 को विद्यालय में वैक्सीनेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती कल्पना सैनी ने किया। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर उपेंद्र बगवाड़ी एवं राखी रानी, महिला संयोजिका श्रीमती निधि, श्रीमती ललिता, श्रीमती पारुल देवी, श्रीमती अनुदीप, श्रीमती रितु वर्मा, श्रीमती संगीता गुप्ता, श्रीमती अर्चना पाल, कु. तनु, कु. सारीन, संजय पाल, निखिल अग्रवाल, विजय त्यागी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।