चमनलाल महाविद्यालय लंढौरा में स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क औषधि वितरण शिविर का सफल आयोजन

लंढौरा । आज दिनांक 22 सितंबर 2026 को चमनलाल महाविद्यालय, लंढौरा के सूक्ष्म जीव विज्ञान (माइक्रोबायोलॉजी) विभाग तथा रेडक्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में, कोर मेडिकल कॉलेज ऑफ़ आयुर्वेद एंड हॉस्पिटल, रुड़की के सौजन्य से एक दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क औषधि वितरण शिविर का भव्य आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामकुमार शर्मा व डॉ. दीपा अग्रवाल एवं शिविर संयोजक डॉ. प्रभात सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को उनके कर्तव्यों का बोध कराते हुए कहा कि उत्तम स्वास्थ्य ही जीवन की असली पूंजी है, इसलिए स्वयं को स्वस्थ रखना और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।इसके पश्चात डॉ. दीपा अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। छात्राओं के सर्वांगीण विकास और पोषण के लिए ऐसे स्वास्थ्य शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. प्रभात सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सभी तक सुलभ और निःशुल्क चिकित्सा परामर्श पहुंचाना है।
इस स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाते हुए लगभग 80 से 100 छात्राओं ने अपना निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण करवाया तथा आवश्यकतानुसार डॉक्टरों के परामर्श पर निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां प्राप्त कीं। शिविर में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।