चमन लाल महाविद्यालय में राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा सोशल मीडिया विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित
लंढौरा l चमन लाल महाविद्यालय में आज दिनांक 06 सितंबर 2025 को “आज का युवा और सोशल मीडिया” विषय पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के आगे दीप-प्रज्वलित कर की गई l तत्पश्चात महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का मोमेंटो व शॉल भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, वरिष्ठ पत्रकार एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष (नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया) माननीय रास बिहारी जी ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को अखबार पढ़ने और समाचार देखने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया में हो रहे परिवर्तनों से अवगत रहना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया के सही और जिम्मेदाराना उपयोग के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुनील दत्त पांडे जी ने कहा कि सोशल मीडिया आज युवाओं के लिए करियर निर्माण का एक बड़ा साधन बन चुका है बशर्ते इसका उपयोग सही दिशा और सकारात्मक विचारों के साथ किया जाए। आज के युवा वर्ग को यह भी ध्यान रखना होगा कि मीडिया का दुरुपयोग न होने पाए कुछ राजनीतिक पार्टियों इसका दुरुपयोग करती है इसके लिए भी कठोर कदम उठाने चाहिए l उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे गलत प्रवृत्तियों से दूरी बनाकर सोशल मीडिया को अवसर और विकास का मंच बनाएं। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव अरुण हरित ने अपने आशीर्वचन में कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया से केवल अच्छी और सकारात्मक बातें ग्रहण करनी चाहिए। उन्होंने छात्रों को जागरूक और संयमित रहने का संदेश दिया।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष राम कुमार शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, संवाद और रचनात्मकता का बड़ा मंच भी है। उन्होंने युवाओं से इसे सीखने और समाज को जोड़ने का माध्यम बनाने का आह्वान किया l महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि सोशल मीडिया युवाओं को वैश्विक स्तर पर जोड़ने और अवसर दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से युवाओं की जीवनशैली और समाज में उनकी भूमिका लगातार बदल रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया में जहां अनेक सकारात्मक संभावनाएँ हैं, वहीं इसके दुरुपयोग से गंभीर चुनौतियाँ भी सामने आती हैं l यह व्याख्यान राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभाग प्रभारी डॉ. निशु कुमार एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. धर्मेंद्र कुमार सहित संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
