(अश्विनी उपाध्याय)प्रबुद्ध वर्ग बैठक में भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, मंत्री प्रदीप बत्रा बोले- 2027 में जीतेंगे छह की छह सीटें

रुड़की। शहर के एक निजी होटल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रबुद्ध वर्ग बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रबुद्ध वर्ग के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में आगामी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि आगामी 2027 के चुनाव को देखते हुए पार्टी को अभी से बूथ स्तर तक अपनी तैयारियां शुरू करनी होंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। साथ ही 2027 के चुनाव के लिए मजबूत रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यों और विकास योजनाओं के आधार पर जनता के बीच विश्वास कायम करने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार के विकास कार्यों के कारण जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी छह की छह सीटों पर विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रबुद्ध वर्ग के लोगों ने भी अपने सुझाव रखे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

You missed