(अश्विनी उपाध्याय) जल संस्थान की ऑनलाइन सेवाओं से उपभोक्ताओं को मिलेगी सुविधा, बिल जमा करने से लेकर शिकायत तक की सुविधा उपलब्ध
रुड़की। कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड जल संस्थान रुड़की द्वारा उपभोक्ताओं को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागीय वेबसाइट में ऑनलाइन सुविधाओं को अपडेट किया गया है। उत्तराखंड जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता विवेक रवि ने जानकारी देते हुए बताया कि उपभोक्ता विभाग की वेबसाइट uttarajal.uk.gov.in पर जाकर विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वेबसाइट पर क्विक पेमेंट के माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे अपने पानी के बिल का भुगतान कर सकते हैं। इसके साथ ही नए जल कनेक्शन के लिए आवेदन, नाम परिवर्तन, कनेक्शन विच्छेदन तथा मोबाइल नंबर अपडेट जैसी सुविधाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई इस वेबसाइट के माध्यम से जल संस्थान और जल निगम से संबंधित बिलों का भुगतान तथा विभिन्न कार्य ऑनलाइन किए जा सकते हैं। उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए वेबसाइट पर उपलब्ध टोल फ्री नंबर 1916 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
अपर सहायक अभियंता ने बताया कि वर्तमान में प्राप्त शिकायतों की विभागीय स्तर पर गहनता से मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जा सके। वहीं राजस्व वसूली के लिए बिल वितरण एवं वसूली की कार्रवाई भी जारी है। इसके लिए संबंधित वार्डों के पार्षदों और उपभोक्ताओं के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए कार्य दिवस में उत्तराखंड जल संस्थान के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। साथ ही सभी उपभोक्ता समय पर अपने पानी के बिल का भुगतान कर विभाग को सहयोग प्रदान करें, जिससे जलापूर्ति एवं विभागीय सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिल सके।
