नए सॉफ्टवेयर से जल संस्थान के बिलों में आईं दिक्कतें जल्द होंगी दूर, अपर सहायक अभियंता विवेक रवि ने दी जानकारी
रुड़की। उत्तराखंड जल संस्थान में नए सॉफ्टवेयर के माध्यम से तैयार किए जा रहे पानी के बिलों में कुछ उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता विवेक रवि ने जानकारी देते हुए बताया कि नए सॉफ्टवेयर के डेवलप होने के बाद कुछ उपभोक्ताओं और वार्डों के पतों में भिन्नता पाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्राप्त शिकायतों एवं पूर्व के बिलों के आधार पर इन कमियों को लगातार संशोधित किया जा रहा है। साथ ही कर्मचारियों को भी निर्देशित किया गया है कि यदि किसी उपभोक्ता के बिल में किसी भी प्रकार की त्रुटि या परेशानी सामने आती है तो उसे तत्काल कार्यालय में सूचित कराकर संशोधित कराया जाए।
अपर सहायक अभियंता विवेक रवि ने सम्मानित पार्षदों से भी अपील की है कि यदि उनके वार्ड में किसी उपभोक्ता को बिल अथवा पते से संबंधित कोई समस्या सामने आती है तो इसकी जानकारी उत्तराखंड जल संस्थान के कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि पुराने बिलों में आ रही दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए आगामी बिलों में आवश्यक संशोधन किए जा रहे हैं। नए सॉफ्टवेयर में सामने आ रही समस्याओं को इस सप्ताह तक ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को आगे किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जल संस्थान की ओर से उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि बिल में किसी भी प्रकार की त्रुटि दिखाई देने पर उसे नजरअंदाज न करें और तत्काल जल संस्थान कार्यालय को इसकी जानकारी दें, जिससे बिल को सही कराया जा सके।
