मनकमेश्वरी दुर्गा मंदिर में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण छठी महोत्सव, कढ़ी-चावल और हलवे का लगा भोग
रुड़की के अंबर तालाब स्थित मनकमेश्वरी दुर्गा मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में श्रीकृष्ण छठी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पंडित सारांश के सानिध्य में यजमान मनोज कुमार जैन एवं उनकी पत्नी अलका जैन ने विधि-विधान से श्रीकृष्ण छठी की पूजा संपन्न कराई। भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा को पंचामृत से स्नान कराया गया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण एवं मनकमेश्वरी दुर्गा देवी को कढ़ी-चावल, हलवे और फलों का भोग अर्पित किया गया।
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के भजनों का गुणगान किया और सामूहिक रूप से आरती उतारी। इस दौरान राष्ट्र की सुख-समृद्धि, विकास और शांति के साथ-साथ समस्त भक्तजनों के सुखमय एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई।
मंदिर प्रबंधक अनुज कुमार जैन ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्रीकृष्ण छठी महोत्सव पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव के अवसर पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को हलवे और कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना करते हुए कहा कि देश में हमेशा सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार पर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद बना रहे।
इस अवसर पर अमित सिंघल, सुधीर चौधरी, अनुज आत्रेय, सचिन गोंडवाल, मेहर चंद, डॉ. बी.एल. अग्रवाल, रजनी कौशिक, अनिल वालिया, आशीष पंडित, दीपा जैन, ईशा जैन, नीरज कपिल, कृष जैन, यश, कीर्ति, नैना, वर्णिका, अर्चना, उमा वर्मा, गिलहरी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
