रामपुर में विकास को मिली नई रफ्तार, विधायक हाजी फुरकान अहमद ने 7.11 लाख की इंटरलॉकिंग सड़क का किया शिलान्यास

रुड़की। पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रामपुर में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलने जा रही है। ग्राम की हरिजन बस्ती में करीब 7 लाख 11 हजार रुपये की लागत से बनने वाली 450 वर्ग मीटर इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास पिरान कलियर विधायक हाजी फुरकान अहमद ने फीता काटकर किया।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने विधायक हाजी फुरकान अहमद का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया और सड़क निर्माण की सौगात मिलने पर खुशी जताई।
लंबे समय से बेहतर सड़क की आवश्यकता महसूस कर रहे ग्रामीणों के लिए यह निर्माण कार्य काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही बरसात और खराब रास्ते की समस्याओं से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस मौके पर विधायक हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें गांव के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं और लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री अरविंद प्रधान भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके साथ निखिल कुमार, सेवाराम, बलबीर, अमर सिंह, अरविंद, सचिन, कुलदीप, अमरीश, हरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्राम रामपुर में सड़क निर्माण का यह शिलान्यास ग्रामीणों के लिए विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब ग्रामीणों को निर्माण कार्य पूरा होने का इंतजार है, जिसके बाद उन्हें बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।