फुटबॉल के मैदान पर युवा प्रतिभाओं का जलवा, पूर्व मेयर गौरव गोयल ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
रुड़की। मंगलौर रोड पर आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विजयी खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में पूर्व मेयर गौरव गोयल ने पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि रुड़की के युवा खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। फुटबॉल जैसे खेलों में युवाओं की बढ़ती रुचि निश्चित रूप से क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को केवल क्षेत्रीय स्तर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनानी चाहिए।
गौरव गोयल ने कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के लिए बेहतर करियर का भी अवसर है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे अपनी प्रतिभा के माध्यम से परिवार, शहर और देश का नाम रोशन करें।
वहीं फुटबॉल कोच सुनील राणा ने पूर्व मेयर गौरव गोयल का आभार जताते हुए कहा कि उनका खिलाड़ियों के बीच पहुंचना और उनका हौसला बढ़ाना युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि क्लब से जुड़े खिलाड़ी आने वाले समय में बेहतर प्रदर्शन करते हुए फुटबॉल के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान विजयी खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। खिलाड़ियों में भी सम्मान मिलने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।