15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त होंगी प्रदेश की सड़कें, डीएम मयूर दीक्षित ने कसी कमर
सड़कें गड्ढामुक्त करने को प्रशासन सख्त
रुड़की। प्रदेश में खराब और गड्ढायुक्त सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाते हुए आगामी 15 अक्टूबर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद अब जिला प्रशासन भी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़कों की मरम्मत के कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जल्द ही कमेटी गठित कर विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों का निरीक्षण कराने और कार्य में खामियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
वहीं, निर्देशों के अनुपालन में अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग रुड़की सुरेश तोमर ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 33-ए के पदार्था क्षेत्र में सड़क की स्थिति सुधारने के लिए तेजी से काम कराया जा रहा है। सड़क पर गड्ढों की मरम्मत, पैच वर्क और डामरीकरण का कार्य दिन-रात लगातार जारी है, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़क को बेहतर बनाया जा सके।


अधिकारियों ने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं। सुरेश तोमर ने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी और जिम्मेदार व्यक्ति से सख्ती से जवाब लिया जाएगा।
प्रशासन के इस सख्त रुख के बाद उम्मीद है कि क्षेत्रवासियों को जल्द ही गड्ढों और खराब सड़कों की समस्या से राहत मिलेगी और निर्धारित समय सीमा तक सड़कें बेहतर स्थिति में नजर आएंगी।