गंगनहर में डूबने की घटनाओं की रोकथाम हेतु भाजपा के जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को दिया ज्ञापन
रुड़की।नगर के बीचों-बीच होकर बहने वाली गंगनहर में समय-समय पर डूबने की दुःखद घटनाओं को देखते हुए जनसुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग को लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेट को भाजपा के जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में सुझाव दिया गया कि नहर के संवेदनशील स्थलों पर दोनों किनारों पर मजबूत सुरक्षा रस्सियाँ अथवा स्टील वायर लगाए जाएँ,ताकि दुर्घटनावश गिरने की स्थिति में व्यक्ति एसहारा लेकर स्वयं को सुरक्षित रख सके तथा बचाव कार्य में भी सुविधा मिल सके।गहरे एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों का स्पष्ट चिन्हांकन कर चेतावनी बोर्ड लगाने की भी मांग भी उनके द्वारा की गई,इसके अतिरिक्त निर्धारित दूरी पर लाइफबॉय एवं अन्य जीवनरक्षक उपकरण स्थापित करने,उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों में रेलिंग/बैरिकेडिंग लगाए जाने का सुझाव दिया गया।भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान,रुड़की के विशेषज्ञों के सहयोग से तकनीकी एवं नवाचार आधारित सुरक्षा उपाय विकसित करने पर भी बल दिया गया।इस मौके पर मंडल अध्यक्ष गुरजेंद्र सिंह रिंकू,आशीष अरोड़ा,आदित्य शर्मा,विभोर खन्ना सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा के जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने बताया कि जनहित में इन प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की गई है,ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।ज्ञात हो कि अभी हाल ही में आईआईटी के एक छात्र की गंग नहर में डूबने से मृत्यु हो गई थी,जिसके शव को भारी मशक्कत के बाद कई दिनों पश्चात बरामद किया गया,इसके अलावा भी समय-समय पर गंग नहर में आए दिन ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं।