उपनल नर्सिंग अधिकारियों की दोहरी मांग
आगामी भर्तियों में वेटेज और “उच्च कुशल श्रेणी” से “अधिकारी वर्ग श्रेणी” में शामिल करने पर स्वास्थ्य मंत्री का सकारात्मक आश्वासन
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पताल में UPNL के माध्यम से कई वर्षों से कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने आज उत्तराखंड के माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री सुबोध उनियाल से एक महत्वपूर्ण भेंट की।
इस बैठक का नेतृत्व दून अस्पताल में कार्यरत UPNL कर्मचारियों के प्रभारी श्री शुभम जट राणा ने किया, जिसमें उपनल (UPNL) कर्मचारियों से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से नर्सिंग अधिकारियों के नियमितीकरण के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि वर्तमान में उन्हें केवल “उच्च कुशल श्रेणी” में रखा गया है, जबकि उनकी जिम्मेदारियां एवं कार्य अधिकारी वर्ग के अनुरूप हैं। इस विषय पर माननीय मंत्री द्वारा संशोधन की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की गई।
इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल ने आगामी भर्तियों में UPNL के माध्यम से लंबे समय से कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों को उनके वर्षों के अनुभव एवं कोविड-19 महामारी में दी गई सेवाओं के आधार पर उचित वेटेज (weightage) प्रदान किए जाने की मांग भी रखी, ताकि उनके अनुभव का समुचित सम्मान सुनिश्चित हो सके।
बैठक के दौरान UPNL कर्मचारियों की अन्य समस्याओं तथा लंबे समय से चल रहे संघर्ष पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि लंबे समय से कोई ठोस निर्णय न होने के कारण कर्मचारी आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
माननीय स्वास्थ्य मंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सरकार इस विषय पर पहले से ही सकारात्मक रुख अपनाए हुए है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर निर्णय प्रक्रिया अंतिम चरण में है तथा शीघ्र ही धामी सरकार द्वारा UPNL कर्मचारियों के नियमितीकरण व सुरक्षित भविष्य की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर सोनिया, प्रीतम एवं कुशपाल सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। बैठक के पश्चात कर्मचारियों में आशा की नई किरण जगी है और उन्हें उम्मीद है कि सरकार शीघ्र ही उनके हित में सकारात्मक निर्णय लेकर उन्हें राहत प्रदान करेगी।
