अधिवक्ताओं व गणमान्य लोगों ने मनाया डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस

रुड़की तहसील परिसर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का 73वां बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया
आज रुड़की तहसील परिसर में वरिष्ठ अधिवक्ता नवीन कुमार जैन के नेतृत्व में भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का 73वां बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिवक्ताओं, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिवक्ता नवीन कुमार जैन ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी उनकी पुण्यतिथि एवं बलिदान दिवस को समर्पण दिवस के रूप में मनाते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सदस्य एवं नमो फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार जैन ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारतीय जनता पार्टी और जनसंघ की वैचारिक धारा के प्रमुख स्तंभ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके बलिदान को नमन करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
नरेंद्र कुमार जैन ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उन्होंने उस समय जम्मू-कश्मीर में लागू विशेष प्रावधानों का विरोध करते हुए “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का नारा दिया था। उन्होंने कहा कि देश को एक सूत्र में बांधने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए डॉ. मुखर्जी ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, उनके राष्ट्रवादी विचारों तथा देशहित में किए गए योगदान पर प्रकाश डाला। सभी उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
अंत में उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भाजपा जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलकमल शर्मा, हरपाल सिंह सैनी, जिला अध्यक्ष आर्य समाज नरेंद्र जैन, भारतीय जनता पार्टी प्रदेश सदस्य व नमो फाउंडेशन प्रदेश अध्यक्ष,वैध टैक वल्ल्भ, बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुनील कुमार गोयल, अधिवक्ता संदीप यादव, अभिनव गोयल, अमित सिंघल, आकाश धीमान,सचिन गौड़वाल, ऋषि पाल बर्मन, राजेश वर्मा , आदि लोग उपस्थित रहे