परीक्षा घोटालों से युवाओं का भविष्य खतरे में, कांग्रेस चलाएगी छात्रों की गूंज अभियान
रुड़की। महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को लगातार कमजोर किया जा रहा है और लाखों छात्र-छात्राओं के सपनों को चकनाचूर किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस देशभर में “छात्रों की गूंज” संवाद अभियान शुरू करने जा रही है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना जाएगा। चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में शिक्षण संस्थाओं की साख को गंभीर नुकसान पहुंचा है। कभी नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक हो जाता है तो कभी परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्थाओं के कारण छात्र परीक्षा देने से वंचित रह जाते हैं।
उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा से निराश होकर कई विद्यार्थियों द्वारा आत्महत्या जैसे कदम उठाना बेहद दुखद और चिंताजनक है। इन घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का यह अभियान किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि युवाओं की आवाज को मंच देने और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के लिए शुरू किया जा रहा है। इसके तहत कांग्रेस नेता स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर छात्रों से संवाद करेंगे। रुड़की में भी आगामी दिनों में इस अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि देश की प्रतिभाओं के साथ किया जा रहा गंभीर अन्याय है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को उम्मीद होती है कि उनका चयन योग्यता के आधार पर होगा, लेकिन प्रश्नपत्र लीक होने से मेहनती छात्रों का मनोबल टूट जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं भ्रष्ट और अयोग्य लोगों को महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचाने का रास्ता खोलती हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और राष्ट्र दोनों कमजोर होते हैं।
गौरव गोयल ने कहा कि यदि सरकार समय रहते पारदर्शी और सख्त व्यवस्था लागू नहीं करती तो देश का युवा वर्ग व्यवस्था पर से अपना विश्वास खो देगा। युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना किसी भी सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, लेकिन केंद्र सरकार इस जिम्मेदारी को निभाने में विफल साबित हुई है।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आशीष चौधरी और यूथ कांग्रेस नगर अध्यक्ष उवैश अंसारी ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में आयोजित अधिकांश बड़ी परीक्षाएं विवादों में रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीएसई की कॉपी जांच में भी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं, जबकि नीट परीक्षा को लेकर देशभर में छात्रों और अभिभावकों में भारी असंतोष है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
