(अश्वनी उपाध्याय) रुड़की: पेयजल और बिल संबंधी शिकायतों का होगा तत्काल समाधान, जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता विवेक रवि ने जारी की अपील
जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता विवेक रवि ने जानकारी देते हुए बताया कि रुड़की शहर में प्रतिदिन पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति से संबंधित जो भी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उनका मौके पर पहुंचकर तत्काल समाधान कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नगर के सभी वार्डों के पार्षदों के साथ समन्वय स्थापित कर पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराया जा रहा है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अपर सहायक अभियंता विवेक रवि ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को पेयजल आपूर्ति, पानी की गुणवत्ता, जलापूर्ति में बाधा अथवा पानी के बिल से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, तो वह बिना किसी संकोच के उत्तराखंड जल संस्थान कार्यालय, नगर निगम रुड़की में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपनी शिकायत कार्यालय में मौखिक या लिखित रूप से दर्ज करा सकते हैं। यदि किसी कारणवश कार्यालय पहुंचना संभव न हो, तो उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1800-180-4100 अथवा 1916 पर कॉल कर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।