रुड़की। रुड़की में कांग्रेस को उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब भाजपा की नीतियों से नाराज होकर रुड़की विधानसभा क्षेत्र के कई युवाओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। जिला कांग्रेस कमेटी के कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पंडित सुभाष चंद्र शर्मा की अध्यक्षता और जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में नए सदस्यों का कांग्रेस परिवार में स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से जनता में नाराजगी बढ़ रही है। उनका दावा था कि उत्तराखंड में आने वाला समय कांग्रेस का है और युवाओं का भविष्य कांग्रेस के साथ अधिक सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि इन्हीं कारणों से बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि रुड़की से कांग्रेस का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और युवाओं का पार्टी से जुड़ना इसका प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, भ्रष्टाचार और अन्य जनहित के मुद्दों से जनता परेशान है, जिसके चलते युवाओं का भरोसा भाजपा से उठता जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस में शामिल हुए सभी युवाओं का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि वे संगठन को और मजबूत करने का कार्य करेंगे।
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाले डॉ. विवेक सिंह ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, परीक्षा पेपर लीक और अन्य मुद्दों से परेशान होकर उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा है। उन्होंने राहुल गांधी को जनहित और देशहित का नेता बताते हुए युवाओं से कांग्रेस से जुड़ने की अपील की।
वहीं पंकज राठी ने कहा कि प्रदेश और देश का युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की अपेक्षा चुनिंदा लोगों के हितों पर अधिक ध्यान दे रही है। उन्होंने युवाओं से कांग्रेस को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. विवेक सिंह, पंकज राठी और राजीव वालिया ने कांग्रेस की औपचारिक सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नीरज सैनी, रिजवान अहमद, पूर्व मेयर गौरव गोयल, जिला महामंत्री मोहित त्यागी, विकास त्यागी (मोनू) सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेतृत्व ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
