रुड़की/हरिद्वार। 30 जुलाई से शुरू होने जा रही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित विभागों को 25 जुलाई तक कांवड़ यात्रा से जुड़ी सभी मूलभूत सुविधाएं और आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
बताया गया कि हाल ही में प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई थी। बैठक में सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट कहा कि बाहर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर धरातल पर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं और कार्यों में तेजी लाई जाए।
बैठक में उपस्थित अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश विश्नोई ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जिला पंचायत द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग लिब्बरहेड़ी से मोहम्मदपुर झाल तथा उत्तरा टेक कॉलेज से कलियर तक झाड़ियों की कटाई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा कांवड़ पटरी मार्ग पर स्थित शौचालयों और स्नानघरों की मरम्मत कर उन्हें स्वच्छ और उपयोग के लिए तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग रुड़की द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग की नालियों की सफाई का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से सड़कों की मरम्मत और डामरीकरण का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है, ताकि कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
महेश विश्नोई ने कहा कि जिला पंचायत की ओर से कांवड़ पटरी मार्ग पर लगातार साफ-सफाई कराई जा रही है। श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, स्नानघर और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि बाहर से आने वाले सभी कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

You missed