सैदाबाद स्थित कुड़ी नेतवाल गांव में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की विधायक प्रत्याशी रितु कंडियाल ने श्रीमती मुन्नी देवी के आवास पर आयोजित जनसभा में ग्रामीणों से संवाद किया। बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं और सर्वसमाज के लोगों ने भाग लेकर गांव की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
ग्रामीणों ने रितु कंडियाल को बताया कि गांव आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित है। पेयजल के लिए टंकी तो बनाई गई, लेकिन उसमें पानी नहीं आता। नालियों और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बरसात के दिनों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी भी जाहिर की। उनका कहना था कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने गांव पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद क्षेत्र की समस्याओं की सुध लेने कोई नहीं आता। ग्रामीणों ने कहा कि जीतने वाले हों या हारने वाले, चुनाव के बाद गांव से उनका संपर्क लगभग खत्म हो जाता है।
इस दौरान गांव की महिलाओं ने भी खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “हर बार हमने पुरुष प्रत्याशियों को जिताया है, लेकिन विकास नहीं हुआ। इस बार हम महिला प्रत्याशी को जिताकर क्षेत्र के विकास की नई शुरुआत करना चाहते हैं।”
रितु कंडियाल ने ग्रामीणों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि जनता की आवाज को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह हर समय जनता के बीच रहेंगी और सड़क, पेयजल, जल निकासी सहित क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी।
बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर रितु कंडियाल को समर्थन देने की बात कही। ग्रामीणों ने उन्हें गांव की बेटी और बहन बताते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में उन्हें मजबूत समर्थन देकर विधानसभा तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र का चौमुखी विकास सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर डॉ. राजवीर, संजय राठी (शेखपुरा), संतोष चौहान (लक्सर), मुन्नी देवी, खुशबू, सुरेश, सुमित्रा, इस्लाम, कमरुद्दीन, अर्जुन, बिजेंद्र, नीतू, सोनूवादी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं मौजूद रहीं।
