संत निरंकारी महिला संत समागम की तैयारियां तेज, हरिद्वार में सेवादारों ने चलाया स्वच्छता अभियान
लाम मजाहिदपुर। हरिद्वार,सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से संत निरंकारी मिशन के मसूरी जोन का महिला संत समागम आगामी 4 सितम्बर को हरिद्वार स्थित बीएचईएल सामुदायिक केंद्र, सेक्टर-1 में आयोजित किया जाएगा। समागम को लेकर संत निरंकारी मिशन के सेवादारों में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।
महिला संत समागम की तैयारियों के क्रम में बुधवार को संत निरंकारी मिशन के हरिद्वार ब्रांच के सेवादारों द्वारा बीएचईएल सामुदायिक केंद्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सेवादारों ने सामुदायिक केंद्र परिसर, आसपास के क्षेत्र एवं आयोजन स्थल की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। सेवादारों ने पूरे सेवाभाव एवं अनुशासन के साथ सफाई अभियान में सहभागिता की।
इस अवसर पर ब्रांच इंचार्ज केवल कुमार ने बताया कि 4 सितम्बर को आयोजित होने वाले महिला संत समागम में मसूरी जोन के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में निरंकारी संत एवं श्रद्धालु महिलाएं सम्मिलित होंगी। समागम का उद्देश्य महिलाओं को आध्यात्मिक जीवन, प्रेम, मानवता, सेवा, सद्भाव एवं पारिवारिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन द्वारा आध्यात्मिक जागृति के साथ-साथ स्वच्छता, सेवा और मानव कल्याण को भी विशेष महत्व दिया जाता है। मिशन के सेवादार विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में निरंतर सेवा भाव से योगदान देते हैं। इसी भावना के तहत समागम स्थल की स्वच्छता को लेकर सेवादारों द्वारा अभियान चलाया गया।
महिला संत समागम में आध्यात्मिक विचारों, भक्ति, सत्संग एवं मानवता से जुड़े संदेशों के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को जीवन में प्रेम, नम्रता, सहनशीलता, सेवा और परोपकार जैसे गुणों को अपनाने की प्रेरणा दी जाएगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए मिशन के सेवादारों द्वारा विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग किया जा रहा है।
समागम को लेकर हरिद्वार सहित मसूरी जोन के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं में उत्साह है। आयोजन स्थल पर स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य भी निरंतर जारी है।
