रुड़की में राम बिहारी गुप्ता की स्मृति में लगा निशुल्क चिकित्सा शिविर, मरीजों को जांच, दवाइयां और चश्मे वितरित
रुड़की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी स्वर्गीय राम बिहारी गुप्ता की पुण्यतिथि पर रुड़की के ईदगाह चौक स्थित होटल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान मरीजों की नेत्र जांच की गई और उन्हें निशुल्क चश्मे, दवाइयां तथा चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
हंस फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस शिविर में विभिन्न बीमारियों की जांच के लिए चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. आशीष सिसोदिया और डॉ. अर्पित सैनी सहित अन्य डॉक्टरों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय राम बिहारी गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर उनके पुत्र एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन गुप्ता तथा वरिष्ठ समाजसेविका पूजा गुप्ता ने कहा कि समाजसेवा उनके परिवार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से लगातार जनसेवा के कार्य किए जा रहे हैं। अपने पिता की स्मृति को जीवंत बनाए रखने और जरूरतमंद लोगों की मदद के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाता है।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ स्वैच्छिक रक्तदान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। आयोजकों की ओर से सभी रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
इस कार्यक्रम में विधायक हाजी फुरकान अहमद, विकास त्यागी, पूर्व मेयर गौरव गोयल, पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी, कांग्रेस नेता उदयवीर सिंह पुंडीर, वरिष्ठ समाजसेवी ईश्वर लाल शास्त्री, हेमेन्द्र चौधरी, कलीम खान, मनोज जयंत, नासिर परवेज, नरेश प्रिंस, सुभाष सरीन, राहुल सैनी, मेलाराम प्रजापति, वीरेंद्र ठाकुर, जाकिर हुसैन, दीपक वर्मा, साजिन सिद्दीकी, दीपक चंचल, आशा चंद्रा, पारुल गोयल, रचना यादव, पिंकी सैनी, डेजी शाही, अनिता सैनी, कविता कश्यप, नवीन गुलाटी, बिट्टू शर्मा, तनुज राठी, पंकज सोनकर, शकील अहमद और नीरज अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्वर्गीय राम बिहारी गुप्ता की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धांजलि, स्वास्थ्य सेवा और रक्तदान के माध्यम से समाजसेवा का संदेश दिया गया। आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के साथ-साथ दिवंगत समाजसेवी के जनसेवा के कार्यों को याद करना रहा।