तिरंगा रैली के जरिए भरा देशभक्ति का जोश

तिरंगे झंडे बांटे और फहराने का तरीका बताया

लंढौरा (हरिद्वार)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर चमन लाल महाविद्यालय और नगर पंचायत लंढौरा के संयुक्त तत्वावधान में नगर में तिरंगा रैली निकालकर लोगों में देशभक्ति का जज्बा पैदा किया। इस अवसर पर देशभक्ति और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से छात्र-छात्राओं ने लोगों को प्रेरित किया। छात्र छात्राओं ने नगर में तिरंगे झंडे भी वितरित किए।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में हिल यूथ ग्रुप द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक और स्वतंत्रता संग्राम के वीर अमर शहीदों तथा क्रांतिकारी नायकों की प्रदर्शनी के साथ हुई। इस प्रदर्शनी में क्रांतिकारियों की कुर्बानियों को दर्शाया गया, जिसने उपस्थित लोगों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी मेराज अहमद ने कहा कि जीवन के प्रति हमारा लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए। युवाओं में हर वक्त कुछ नया सीखने की चाहत होनी चाहिए, तभी उन्हें सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि आजादी के मूल्यों को हमेशा ध्यान रखें और उनका पालन करें।
तिरंगा रैली का शुभारंभ महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामकुमार शर्मा और सचिव अरुण हरित ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर लंढौरा कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरती हुई नगर पंचायत लंढौरा परिसर तक पहुंची और पुनः महाविद्यालय परिसर में समाप्त हुई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने वंदे मातरम और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा।
नगर पंचायत कार्यालय में सभी छात्र छात्राओं और नगरवासियों को चेयरमैन डॉ. मोहम्मद नसीम और अधिशासी अधिकारी हेमंत कुमार गुप्ता ने स्वच्छता के प्रति शपथ दिलाई। उन्होंने सूखा और गीला कूड़ा अलग करने, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने सभी से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। नगर पंचायत चेयरमैन ने कहा कि यह आयोजन न केवल आजादी के जश्न को बल्कि स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाने में सफल होगा।
इससे पहले महाविद्यालय में हुए कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राम कुमार शर्मा और प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों को याद करने और उनसे प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने सभी को प्रदर्शनी का निरीक्षण करने का निर्देश दिया, जिसमें क्रांतिकारियों के योगदान को दर्शाया गया था। इस अवसर पर महाविद्यालय की ओर से सभी छात्र-छात्राओं को तिरंगा झंडा वितरित किया गया। इसके बाद छात्र छात्राओं की ओर से नगर में भी झंडे वितरित किए गए और लोगों को झंडे के सम्मान और उसे फहराने के तरीके बताए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सांस्कृतिक समिति की प्रभारी डॉ. श्वेता, एंटी ड्रग कमेटी के प्रभारी डॉ संजीव चौहान, राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी डॉ. मोहम्मद इरफान और अनुशासन समिति प्रभारी डॉ धर्मेंद्र कुमार आदि ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कपिल, IQAC की समन्वयक डॉ दीपा अग्रवाल एवं समस्त शिक्षक और गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।