चमन लाल महाविद्यालय में राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा साप्ताहिक वैल्यू एडेड कोर्स का समापन
चमन लाल महाविद्यालय, लंढौरा (हरिद्वार)।
राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय वैल्यू एडेड कोर्स “भारतीय संविधान और नागरिक जागरूकता” का समापन समारोह 25 अगस्त 2025 को सम्पन्न हुआ। यह कोर्स 18 अगस्त से 25 अगस्त 2025 तक चला। समापन सत्र का शुभारंभ महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष पंडित रामकुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय, प्रबंध समिति के सचिव अरुण हरित, कोषाध्यक्ष अतुल हरित मंचासीन रहे। स्वागत भाषण विभाग के सहायक आचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने दिया।
सप्ताह भर चले इस कोर्स में विभिन्न विद्वानों ने छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान एवं नागरिक चेतना से संबंधित विविध विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
पहले दिन प्रवीण आचार्य, राजनीति विज्ञान विभाग, राजकीय महाविद्यालय कामद (टिहरी गढ़वाल) ने “भारतीय संविधान और नागरिक जागरूकता” पर व्याख्यान दिया। दूसरे दिन डॉ. कल्पना भट्ट (धनोरी पी.जी. कॉलेज, हरिद्वार) ने “संसद और विधानमंडल की भूमिका” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। तीसरे दिन डॉ. अरविंद कुमार श्रीवास्तव (धनोरी पी.जी. कॉलेज, हरिद्वार) ने “भारतीय संविधान एवं परीक्षा दृष्टि” विषय पर व्याख्यान दिया।
चौथे दिन डॉ. तीर्थ प्रकाश (एसोसिएट प्रोफेसर, राजकीय महाविद्यालय मंगलौर) ने “नागरिकों के लिए संवैधानिक उपाय” पर विस्तार से चर्चा की।पांचवें दिन प्रो. डी.पी. चौधरी (पं. ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश) ने “अनुच्छेद 370 का एक अवलोकन” विषय पर विद्यार्थियों को अवगत कराया। छठे दिन डॉ. संतोष कुमार शाह (रानी धर्मकुंवर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डालावाला) ने “न्यायपालिका और विधि का शासन” पर व्याख्यान दिया। अंतिम दिन डॉ. अनुज कुमार (राजकीय महाविद्यालय चकराता) ने “स्थानीय स्वशासन और पंचायती राज” विषय पर विचार रखे। उनके साथ डॉ. मनोज कुमार (हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर) ने “पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं की भूमिका” विषय पर व्याख्यान दिया। समापन दिवस पर विद्यार्थियों के लिए “भारतीय संविधान और नागरिक जागरूकता” विषयक सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। मूल्यांकन उपरांत घोषित किया गया कि शीर्ष पाँच स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को महाविद्यालय स्थापना दिवस (1 सितम्बर 2025) पर प्रबंध समिति अध्यक्ष . रामकुमार शर्मा द्वारा सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. निशु कुमार, प्रभारी राजनीति विज्ञान विभाग ने किया। समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने कहा कि “भारतीय संविधान के अध्ययन से छात्रों में लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति गहरी समझ विकसित होगी। यह जागरूकता ही भविष्य में उनके व्यक्तित्व निर्माण की प्रेरणा बनेगी।”
