चमन लाल महाविद्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण किया गया

लंढौरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चमनलाल महाविद्यालय में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा अयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित बनाए रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उपस्थित शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया।
पौधारोपण कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारीगण तथा छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर परिसर स्वच्छ एवं हरा भरा बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ। महाविद्यालय में भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की गईं। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मोहम्मद इरफान, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. दीपा अग्रवाल, डॉ. नवीन त्यागी, डॉ. अनीता शर्मा, डॉ. रिचा चौहान, सुनील शर्मा, निशिथ कुमार, अर्जुन कुमार आदि का विशेष सहयोग रहा।