झबरेड़ा नगर पंचायत में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, शहीदों के बलिदान को किया नमन
झबरेड़ा नगर पंचायत में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन रावत, पूर्व राज्य मंत्री डॉ. गौरव चौधरी, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति सहित नगर पंचायत के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम अपने देश का 80 वां
स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। हमें उन वीर शहीदों पर गर्व है, जिन्होंने देश को आजादी दिलाने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि आज हम जिस खुली हवा में आजादी की सांस ले रहे हैं, वह हमारे वीर शहीदों के बलिदान की देन है। हमें उनके बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए।
वहीं, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन रावत ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने नगर पंचायतवासियों से आह्वान किया कि अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और झबरेड़ा नगर पंचायत को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना सहयोग दें।
कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व राज्य मंत्री डॉ. गौरव चौधरी ने झबरेड़ा की जनता को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए हमारे वीर सपूतों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है। ऐसे महान शहीदों को हम सभी श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं।
झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति ने कहा कि हमारा देश वर्ष 1947 में अंग्रेजी हुकूमत से आजाद हुआ था। देश को स्वतंत्रता दिलाने में असंख्य वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज हम उन्हीं महान वीरों के बलिदान की बदौलत स्वतंत्र भारत में खुली हवा में सांस ले रहे हैं। हमें देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान देशभक्ति के नारों से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र के वीर शहीदों को नमन करते हुए देश की तरक्की और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में नगर पंचायत के गणमान्य नागरिक, कर्मचारी और क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
