(अश्वनी उपाध्याय ) भारत को जानो अखिल भारतीय लिखित परीक्षा में बना रिकॉर्ड, उत्तराखंड पश्चिम प्रांत में 32 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया भाग

कांवड़ मेले और बारिश से छुट्टियों के बावजूद शाखाओं के प्रयास से बढ़ा प्रतिभागियों का आंकड़ा, पिछले वर्ष के मुकाबले 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
रुड़की। आज दिनांक 31 अगस्त 2026 को भारत विकास परिषद की ओर से भारत को जानो अखिल भारतीय लिखित परीक्षा 2026 का आयोजन उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की जनपद देहरादून एवं पौड़ी की शाखाओं को छोड़कर सभी शाखाओं में एक साथ सफल एवं शुचिता पूर्ण ढंग से किया गया। परीक्षा में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष भारत को जानो अखिल भारतीय लिखित परीक्षा का आयोजन संपूर्ण भारतवर्ष में 31 अगस्त 2026 को किया गया है। प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की गई, जिसमें जूनियर वर्ग में कक्षा 6 से 8 तथा सीनियर वर्ग में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड पश्चिम प्रांत में इस वर्ष 32 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें जूनियर वर्ग में 15,500 से अधिक तथा सीनियर वर्ग में 16,500 से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हैं। यह प्रांत के लिए एक नया रिकॉर्ड है। पिछले वर्ष लगभग 21,667 छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। इस वर्ष प्रतिभागियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. श्रीमती मनीषा सिंघल ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता के आयोजन के दौरान कई चुनौतियां भी सामने आईं। हरिद्वार जनपद में कांवड़ मेले के कारण करीब 13 दिनों तक स्कूल-कॉलेज बंद रहे, जबकि जनपद देहरादून में अत्यधिक वर्षा के चलते जिलाधिकारी द्वारा 10 दिनों का अवकाश घोषित किया गया था। इसके बावजूद भारत विकास परिषद की विभिन्न शाखाओं के दायित्वधारियों ने विषम परिस्थितियों में भी विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि शाखाओं के पदाधिकारियों और दायित्वधारियों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में विद्यार्थी भारत को जानो प्रतियोगिता में शामिल हो रहे हैं। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को भारत के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं, महापुरुषों और गौरवशाली विरासत के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ उनके ज्ञान को बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
प्रतियोगिता के संयोजक संस्कार डॉ. राजीव गोयल ने बताया कि लिखित परीक्षा के बाद प्रत्येक विद्यालय से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले दो-दो छात्र-छात्राओं का वर्गवार चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थी शाखा स्तर पर आयोजित होने वाले मौखिक प्रश्न मंच में प्रतिभाग करेंगे।
उन्होंने बताया कि शाखा स्तर के प्रश्न मंच में चयनित विद्यार्थी आगे प्रांत स्तर, क्षेत्र स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली मौखिक प्रश्न मंच प्रतियोगिताओं में क्रमशः प्रतिभाग करेंगे। इस प्रकार लिखित परीक्षा से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी शाखाओं के दायित्वधारियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों तथा छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि भारत को जानो जैसी प्रतियोगिताएं युवा पीढ़ी को देश की समृद्ध संस्कृति एवं गौरवशाली इतिहास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
