चमन लाल महाविद्यालय में दीक्षारंभ छात्र प्रेरण कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार अपनाने का संदेश


लंढौरा। चमन लाल महाविद्यालय में सोमवार, 31 अगस्त 2026 को दीक्षारंभ-छात्र प्रेरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री एवं राज्य उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान आमंत्रित रहे।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि कर्म ही मानव जीवन का आधार है। ज्ञान, चरित्र और संस्कार से ही व्यक्ति महान बनता है। उन्होंने कहा कि संस्कार व्यक्ति को ऊंचाइयों तक ले जाते हैं, इसलिए शिक्षा के साथ संस्कारों का समन्वय बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से महाविद्यालय की किसी न किसी गतिविधि से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अगले सेमेस्टर में छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने महाविद्यालय की विगत वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में महाविद्यालय के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने NET, GATE और JAM जैसी परीक्षाएं उत्तीर्ण की हैं, जो ग्रामीण क्षेत्र में स्थित महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को NCC, रोवर-रेंजर्स, खेलकूद, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), करियर काउंसलिंग और पुस्तकालय सहित विभिन्न समितियों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को खेलों के महत्व के बारे में बताते हुए कहा गया कि खेलों से मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नवीन त्यागी ने किया। दीक्षारंभ कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनुशासन समिति के सभी सदस्यों ने विशेष सहयोग प्रदान किया।