मानवाधिकार संरक्षण ब्यूरो की बैठक में राष्ट्र सेवा और मानवाधिकार संरक्षण पर जोर


रुड़की। अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संरक्षण ब्यूरो उत्तराखंड की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता नवीन कुमार जैन के तत्वावधान में कैंप कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में ब्यूरो के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सहभागिता की। इस दौरान मानवाधिकारों की रक्षा, पीड़ित एवं शोषित लोगों को न्याय दिलाने तथा समाज के जरूरतमंद वर्ग की सहायता करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता नवीन कुमार जैन ने बताया कि 30 अगस्त 2026 को अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संरक्षण ब्यूरो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता देवेंद्र पाठक के नेतृत्व में नई दिल्ली स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय सूचना मंत्री एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
उन्होंने बताया कि समारोह का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करना तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए राष्ट्रहित में कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना रहा। समारोह में राष्ट्र सेवा, समाज सेवा, ज्ञान, शिक्षा, न्याय एवं मानवता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को विभिन्न सम्मान एवं मानद उपाधियों से सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर ब्यूरो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता देवेंद्र पाठक द्वारा राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत युवाओं, मातृशक्ति तथा समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों को डॉक्टरेट मानद उपाधि, राष्ट्रीय समाज एवं ज्ञान-शिक्षा-न्याय विभूषण, विश्व कीर्ति श्री सम्मान तथा विश्व कीर्ति विभूषण सहित विभिन्न सम्मानों से सम्मानित कराया गया।
उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता नवीन कुमार जैन को भी निस्वार्थ भाव से जनसेवा एवं समाजसेवा करने तथा मानव जाति पर हो रहे अत्याचार के विरुद्ध पीड़ितों की सहायता करने के लिए ‘विश्व समाज कीर्ति श्री सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इस सम्मान पर बैठक में मौजूद पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र पाठक ने समारोह के दौरान बताया कि अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संरक्षण ब्यूरो के बैनर तले देश के 11 से अधिक राज्यों में निरंतर मानवाधिकार संरक्षण एवं सर्वधर्म समभाव की भावना के साथ नागरिकों की सहायता की जा रही है। राजस्थान, जयपुर, पंजाब, हरियाणा, तेलंगाना, असम, दिल्ली, पटियाला, चंडीगढ़, गुजरात, बेगूसराय सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से ब्यूरो के पदाधिकारियों ने समारोह में सहभागिता की।
समारोह में हरियाणा की पूर्व राज्यमंत्री कविता जैन, नेपाल से स्वामी श्री श्री श्री 1008 जगतगुरु लामा ध्याछो रिनपोछे, जगतगुरु सनातन सम्राट स्वामी चक्रपाणि जी महाराज, कर्नल अमृतवीर सिंह सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही। इस दौरान ब्यूरो की स्मारिका ‘मानवता के प्रहरी’ का भी विमोचन किया गया।
बैठक में पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि ब्यूरो के तत्वावधान में गरीब, असहाय एवं उत्पीड़ित महिलाओं सहित समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ी जाएगी और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उत्तराखंड से सम्मान समारोह में शामिल पदाधिकारियों ने सम्मान प्रदान करने के लिए ब्यूरो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता देवेंद्र पाठक का आभार व्यक्त किया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राजू वर्मा एडवोकेट, सहजाद अल्वी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सचिन गोंडवाल, अधिवक्ता आशीष पंडित प्रदेश ब्यूरो प्रभारी, सुधीर चौधरी, अनुज आत्रेय, नीरज कपिल सहित ब्यूरो के सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।